
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद जिले मे बल्दीडीह मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
आमने-सामने बाइक की भिड़ंत से युवक की मौत
जानकारी के अनुसार ग्राम डोंगरीपाली निवासी देवनाथ पटेल (20) अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से सांकरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम परसवानी निवासी विनोद कुमार निषाद (21) अपनी बाइक से बल्दीडीह मोड़ की तरफ आ रहा था। दोनों बाइक जब बल्दीडीह मोड़ के पास पहुंचीं, तभी अचानक आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
सड़क किनारे लगे बैरियर से टकराया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद देवनाथ पटेल बाइक से उछलकर सड़क किनारे लगे लोहे के बैरियर से जा टकराया। बैरियर से टकराने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरे बाइक सवार विनोद कुमार निषाद को भी सिर और चेहरे पर गहरी चोटें लगीं। हादसे के बाद दोनों घायल सड़क पर पड़े रहे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने मदद कर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद संजीवनी एक्सप्रेस 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद देवनाथ पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद कुमार निषाद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटा रही है।
बल्दीडीह मोड़ पर हादसे से लोगों में चिंता
सड़क हादसे के बाद बल्दीडीह मोड़ और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, संकेतक लगाने और यातायात नियंत्रण के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके…।

