Home Uncategorized कटहल के नीचे छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था 125...

कटहल के नीचे छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था 125 किलो गांजा, महासमुंद पुलिस ने 70 लाख से अधिक की संपत्ति के साथ दो तस्करों को दबोचा..

0
1

 

राहुल भोई महासमुंद…

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के रेहटीखोल चेक पोस्ट में पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में कटहल के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे करीब 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया गया है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में कटहल की आड़ में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही रेहटीखोल अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की संदिग्ध पिकअप वाहन वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की, जिसमें चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम लवकुश गौतम (22 वर्ष) निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कटहल के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों में 125.700 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था और इसे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में खपाने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 लाख 85 हजार रुपये मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपये कीमत का टाटा माजदा पिकअप वाहन तथा 8 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया है। इस प्रकार कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क, स्रोत और गंतव्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है।

महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि तस्कर चाहे एम्बुलेंस का सहारा लें या फिर कटहल की आड़, पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र के सामने उनके सभी हथकंडे नाकाम साबित हो रहे हैं। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

About The Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here