*छत्तीसगढ़ में शिक्षा का नया इतिहास लिखता विकासखंड दुर्गुकोंदल*
*जहां बच्चों की उपलब्धि पर शिक्षा विभाग ने निकाली सम्मान रैली*
दुर्गूकोदल 21 मई 2025 अभी तक हमने उत्साह और खुशियों के लिए पर्वों, त्योहारों, जयंतियों, जन्मदिन, सालगिरह, विजय आदि को आधार बनाते देखा है | इन उमंगों को हम, हमारे रिश्तेदार, साथीगण संबंधित सदस्यगण ही आयोजित करते आए हैं| छत्तीसगढ़ में यह पहली बार होगा जहां पर अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पूरा शिक्षा विभाग ही स्वयं अपने नेतृत्व में एक पर्व की तरह से प्रारंभ कर चुका है| हम बात कर रहे हैं कभी अपने क्षेत्रीय असुविधाओं, दुर्गम वनांचल की चुनौतियों से जूझते उत्तर बस्तर के कांकेर जिले में सुदूर दुर्गुकोंदल विकासखंड में शिक्षा के नए उजियारे की |
*राज्य स्तर के टॉप टेन सूची में दुर्गूकोंदल का दबदबा*
इस छात्रवृत्ति प्रवीण्य परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद इनमें चयनित बच्चों का जिलेवार कुल संख्यात्मक तथा विकासखंड वार विद्यार्थियों के अनुसार आंकड़े निकाले गए हैं, इसमें कुल 33 बच्चों ने अपना स्थान सुनिश्चित किया है| कांकेर जिला 21 बच्चों के साथ सबसे ऊपर है जिसमें से दुर्गुकोंदल से ही 17 विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है, शेष 4 बच्चे कोयलीबेड़ा विकासखंड से हैं | बाकी जिलों में रायगढ़ 6, दुर्ग 4, गरियाबंद 1 तथा बेमेतरा 1 विद्यार्थी सम्मिलित हैं | टॉप टेन के प्रथम स्थान पर रायगढ़ की बालिका है | वहीं पर दुर्गुकोंदल से द्वितीय स्थान में 3, तृतीय में 1, चौथे में 1, पांचवें में 1, छठवें में 2, सातवें में 1, आठवें में 1, नौंवे में 4 तथा दसवें स्थान में 3 विद्यार्थियों ने जगह बनाकर अपने परिवार, गांव, विकासखंड, जिले व राज्य का नाम रोशन किया है|
*राज्य भर में प्रथम आने पर निकली सम्मान रैली*
हर माता – पिता, पालक अपने बच्चों की बेहतर भविष्य को लेकर सदैव ऊंचे सपने बुनता है, लेकिन अनेकों लोग अपनी गरीबी तथा उचित मार्गदर्शन के अभाव में यूं ही निराशा होकर जीवन यापन करते हैं| भारत सरकार के कक्षा 8 वीं स्तर से राष्ट्रीय साधन सह छात्रवृत्ति प्रवीण्य परीक्षा के माध्यम से ऐसे ही कमजोर तबके के पालकों के बच्चों के लिए ही प्रति माह 1000 ₹.आर्थिक सहायता 4 वर्षों तक देने की योजना बनाई गई है जो अब दुर्गुकोंदल जैसे पिछड़े क्षेत्र के 137 बच्चों का भविष्य अब उच्च स्तर पर पूरा होने जा रहा है|
*रैली में कई स्थानों पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी गण, मीडिया आदि ने किया सम्मान*
इस अवसर पर दिनांक 21 मई ,गुरुवार को राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित छात्रों के सम्मान में
निकाली गई रैली जिसमे चयनित विद्यार्थी ,पालको ,जनप्रतिनिधि और शिक्षक गाजे बाजे के साथ बेहद उत्साहपूर्वक सम्मान रैली में शामिल हुए। यह रैली खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ से होकर मुख्य चौक होते हुए ,सरपंच निवास,जनपद कार्यालय सहित कई स्थानों से होते हुए गुजरी।
रैली में गोपी बढ़ाई जनपद पंचायत अध्यक्ष दुर्गूकोंदल द्वारा माला पहनकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया गया जनपद सीईओ श्री सुरेंद्र बंजारे द्वारा बच्चों को अल्पाहार हेतु बिस्किट ,बैजनाथ नरेटी मंडल संयोजक द्वारा पेन , लतीप सोम बीआरसी द्वारा पेंसिल भेंट में प्रदान की गई।
*उर्वरा भूमि भूमि में मनचाहे सपने गढ़ने का वक्त है – बीईओ कोसरे*
खंड शिक्षा अधिकारी एस पी कोसरे ने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास से मिली है एक समय में शैक्षिक क्षेत्रों में विकासखंड की छवि उतनी अच्छी नहीं थी किंतु हम सबके प्रयास ने साबित कर दिया कि यह भूमि उर्वरा है बस समय में खाद और पानी देने की जरूरत है उसी प्रकार हमारे बच्चों को अच्छी शिक्षा और सहयोग की जरूरत है फिर ये सभी बच्चे आसमान भी छू सकते है।
इस अवसर पर एबीईओ अंजनी मंडावी ने कहा कि आप सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों ने विकासखंड का नाम ऊंचा किया है ऐसी ही आगे की कक्षाओं में भी अध्ययन करें एवं अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाए।
अशोक जैन, बैजनाथ नरेटी मंडल संयोजक, ईश्वरी सिन्हा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों को शुभकामनाएं दी।
इस दौरान चयनित विद्यार्थियों और पालकों ने अपनी खुशियां और अनुभव व्यक्त किया तथा अपने शाला के शिक्षको को धन्यवाद कहा।
इस अवसर पर समस्त संकुल समन्वयक, चयनित शालाओं के प्रधान पाठक,शिक्षक , पालकगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





