5100 दीपों की रौशनी में जगमगाया सॉफ्टबॉल ग्राउंड — एकादशी पर्व पर खिलाड़ियों ने पेश की ‘बस्तर ओलंपिक’ थीम
,,,,,,,,,,,,तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,
बीजापुर,,,,,,,,,,,,,,,,हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सांस्कृतिक मैदान के सॉफ्टबॉल ग्राउंड में एकादशी पर्व धूमधाम से मनाया गया। पूरे मैदान को 5100 दीपों की जगमगाती रौशनी से सजाया गया, जो देखते ही बन रहा था। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘बस्तर ओलंपिक’ रखी गई, जिसे बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने सुंदर प्रस्तुति के माध्यम से साकार किया।
कार्यक्रम में अकादमी की सभी खेल विधाओं के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। छोटे-बड़े खिलाड़ियों ने मैदान में आकर्षक रंगोली सजाई और शाम ढलते ही पटाखों की चमक से वातावरण को और भी उल्लासमय बना दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल एवं जिला खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री नारायण प्रसाद गवेल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को एकादशी की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन के दौरान मैदान का दृश्य अत्यंत मनमोहक था — चारों ओर दीपों की रौशनी, खिलाड़ियों का उत्साह,आतिशबाजी और बस्तर ओलंपिक की झलक ने पूरे परिसर को दिव्यता और ऊर्जा से भर दिया। बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा किया गया यह आयोजन धार्मिक आस्था, खेल भावना और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम साबित हुआ। उक्त आयोजन में सोपान कर्णेवार एवं उनके टीम का विशेष योगदान रहा।

