– ग्राम कलेण्डा में आयोजित था कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे संवरा समाज के नागरिकगण
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कलेण्डा में अस्सीघर संवरा समाज द्वारा आयोजित दीपावली मिलन एवं सामाजिक परिचर्चा समारोह में क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक चातुरी नंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने विधायक चातुरी नंद का गाम कलेण्डा पहुंचने पर धूमधाम से स्वागत किया।
समारोह में उपस्थित समाजजनों ने पारंपरिक वेशभूषा एवं लोक-संस्कृति से सुसज्जित कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी समृद्ध सामाजिक विरासत का प्रदर्शन किया।
विधायक चातुरी नंद ने दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि “अस्सीघर संवरा समाज ने सदैव सामाजिक समरसता, भाईचारा और प्रगति की दिशा में कार्य किया है। जिस प्रकार यह समाज अपनी परंपरा को संजोए रखते हुए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एकता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है।”
उन्होंने आगे कहा कि समाज का उत्थान तभी संभव है जब हम सब मिलकर शिक्षा, संगठन और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दें। समाज के युवाओं को तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे आने की अपील भी उन्होंने की।
विधायक चातुरी नंद ने समाज के लोगों की एकजुटता, अनुशासन और संगठन की सराहना भी की।
समाज के विकास और संगठन सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए विधायक चातुरी नंद ने अस्सीघर संवरा समाज भवन निर्माण हेतु ₹10 लाख की राशि देने की बड़ी घोषणा की। इस घोषणा से समाजजनों में हर्ष की लहर दौड़ गई और उन्होंने विधायक महोदया के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने विधायक चातुरी नंद का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समाज की महिलाओं को आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में योगदान हेतु विशेष रूप से सराहा और कहा कि “हर घर में जागरूक महिला समाज परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति होती है।”
कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि मोहन लाल भोई, जनपद सदस्य सुमित्रा भोई सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारीगण,क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

