*सफेद कोट में छिपे देवदूत: जब हर धड़कन के साथ लड़ते हैं डॉक्टर,1 जुलाई, राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर ,दीपक मरकाम की विशेष खास रिपोर्ट*
बीजापुर,01 जुलाई 2026
जब पूरी दुनिया गहरी नींद में होती है, तब अस्पतालों की रोशनी में कुछ चेहरे ऐसे भी होते हैं जो किसी अनजान मरीज की सांसें बचाने के लिए जाग रहे होते हैं।
ये चेहरे किसी रिश्ते की पहचान नहीं पूछते, न जाति देखते हैं, न धर्म और न ही अमीरी-गरीबी उनके लिए हर मरीज सबसे पहले एक इंसान होता है, जिसकी जिंदगी बचाना ही उनका सबसे बड़ा धर्म है।
हम अक्सर मंदिरों मस्जिदों और गुरुद्वारो में जाकर जिंदगी की मन्नते मांगते लेकिन धरती पर ऐसा इंसान है जिसे खुदा ने खुद अपने हाथों से दूसरों की जिंदगी की लकीरें संवारने की काबिलियत दी है।
डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, त्याग और मानवता का दूसरा नाम हैं।
कई बार वे अपने परिवार की खुशियां छोड़कर किसी दूसरे परिवार की उम्मीद बचाते हैं।
त्योहार हो या आधी रात, बारिश हो या भीषण गर्मी, एक डॉक्टर की ड्यूटी कभी समाप्त नहीं होती।
किसी नवजात की पहली किलकारी से लेकर किसी गंभीर मरीज की आखिरी उम्मीद तक, डॉक्टर हर पल जीवन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हैं।
कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को यह एहसास कराया कि असली योद्धा केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में भी होते हैं।
जब लोग अपने घरों में सुरक्षित थे, तब डॉक्टर अपनी जान की परवाह किए बिना संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे थे।
अनेक डॉक्टरों ने दूसरों की जिंदगी बचाते-बचाते स्वयं अपना जीवन देश और समाज के नाम समर्पित कर दिया।
उनका यह बलिदान सदैव मानवता के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
बस्तर सम्भाग जैसे दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों की जिम्मेदारी और भी बड़ी है।
सीमित संसाधनों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद वे गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर हजारों परिवारों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा रहे हैं।
आज 1 जुलाई, राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर पूरा देश उन सभी चिकित्सकों को नमन करता है, जिनकी मेहनत, ज्ञान, संवेदनशीलता और सेवा भावना ने अनगिनत परिवारों की मुस्कान लौटाई है।
समाज का प्रत्येक नागरिक यदि डॉक्टरों के प्रति सम्मान, विश्वास और सहयोग का भाव रखे, तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
आइए, इस डॉक्टर्स डे पर संकल्प लें कि हम उन हाथों का सम्मान करेंगे जो हर दिन किसी की जिंदगी बचाने के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर देते हैं।
“डॉक्टर केवल इलाज नहीं करते, वे टूटती उम्मीदों को फिर से जीना सिखाते हैं। उनका हर प्रयास मानवता की सबसे सुंदर मिसाल है।”

