विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिनांक 05 जून 2026 को 199वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), पातुरपारा, भैरमगढ़, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़) तथा इसकी अधीनस्थ कंपनियों द्वारा कमांडेंट श्री आनंद कुमार के मार्गदर्शन में व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।

इस अभियान के दौरान वाहिनी मुख्यालय पातुरपारा तथा विभिन्न कंपनी मुख्यालयों (पेदिया, कोप्पागुड़ा, भैरमगढ़, पिनाकोंडा, कोडोली एवं केशकुटुल) में लगभग 600 पौधों का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, बाल छात्रावासों एवं विद्यालयों के बच्चों, वाहिनी के अधिकारियों तथा जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर अधिकारियों, जवानों, स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण तथा हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा, देखभाल एवं उनके समुचित विकास को सुनिश्चित करने का भी प्रण किया।

जवानों, स्थानीय नागरिकों एवं स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री आनंद कुमार तथा अन्य कंपनी कमांडरों ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण को कम करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों के साथ मिलकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस कार्यक्रम से वाहिनी और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी सहयोग, भाईचारा एवं एकता को भी और अधिक मजबूती मिली।

