Manish Kaushik
मोहला — राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव (भा.पु.से.) ने मंगलवार को नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर, मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित तथा जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा प्रत्येक जिले के सफल नवाचारों को पूरे रेंज में लागू करने के निर्देश दिए।बैठक में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा सहित रेंज के सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
*मोहला का ई-बीट सिस्टम बना पूरे रेंज के लिए मिसाल*
बैठक का सबसे प्रमुख आकर्षण मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा विकसित ई-बीट सिस्टम (E-Beat System)रहा। एसएसपी वाय.पी. सिंहने इसका विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया, जिसे पुलिस महानिरीक्षक ने अत्यंत प्रभावी बताते हुए रेंज के सभी जिलों में लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में आधुनिक कंट्रोल रूम, पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर, नक्सल पुनर्वास केंद्र, पुलिस लाइन की आधारभूत सुविधाओं तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे नवाचारों की भी सराहना की गई।
*रेंजभर के नवाचारों को मिलेगा विस्तार*
बैठक में राजनांदगांव जिले के “पहल” अभियान, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, रीडिंग रूम, सोशल मीडिया नेटवर्क एवं किशोर पंजी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के डिस्ट्रिक्ट प्रॉसिक्यूशन मॉनिटरिंग सेल और डिस्ट्रिक्ट साइबर सेल, जबकि कबीरधाम जिले की पुलिस बैंक, पुलिस कैंटीन, प्ले स्कूल तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत की गई। आईजी ने इन नवाचारों को भी आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में लागू करने के निर्देश दिए।
*डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का हुआ विमोचन*
बैठक के दौरान मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा तैयार “डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक”का विमोचन भी पुलिस महानिरीक्षक ने किया। उन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए रेंज के प्रत्येक जिले में ऐसी प्रोफाइल बुक तैयार करने के निर्देश दिए।
*वृक्षारोपण कर दिया हरित भविष्य का संदेश*
समीक्षा बैठक के बाद रक्षित केंद्र, मोहला परिसर में पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव के मुख्य आतिथ्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर तूलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आईजी ने लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

