मनीष कौशिक
मोहला—जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसानों के हितों की रक्षा तथा कालाबाज़ारी रोकने के उद्देश्य से पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों को सक्रिय किया गया है।
अवैध परिवहन पर नक़ल
प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों पर फिक्स्ड और मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बिना वैध दस्तावेज़—जैसे परिवहन अनुमति (टीपी), फॉर्म-6, खरीदी पर्ची आदि—धन परिवहन करते पकड़े जाने पर वाहन व धान दोनों की जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। रात्रिकालीन गश्त भी बढ़ाई गई है।

कोचियों एवं गोदामों पर कार्रवाई
अवैध रूप से धान खरीदने, भंडारण करने या बिना दस्तावेज़ के स्टॉक रखने वाले कोचियों व निजी गोदामों पर लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।
किसानों से अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना धान केवल अधिकृत खरीदी केंद्रों को ही बेचें। खरीदी केंद्रों पर टोकन प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल भुगतान व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
जनसहयोग की अपेक्षा
अवैध धान परिवहन या भंडारण की सूचना देने हेतु जिला स्तर पर हेल्पलाइन/कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कड़ी चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध धान परिवहन, खरीद-बिक्री या भंडारण करने वालों को किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

