

राहुल भोई महासमुंद..
दो अलग-अलग कार्रवाई में 1.29 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र और रायपुर तक गांजा पहुंचाने की थी योजना..
महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस और एएनटीएफ ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 212.400 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे, दो कारों और चार मोबाइल फोन समेत कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 29 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई थाना बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक संदिग्ध इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 आ रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद सामने से आ रही इनोवा कार को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के तुमुड़ीबंध, जिला कंधमाल से लेकर पुणे, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश बाजे पिता रामदास बाजे, उम्र 42 वर्ष, निवासी पिपलवंडी, थाना अनेपारा, जिला पुणे, महाराष्ट्र और विपुल पिता रामचंद्र भालेराव, उम्र 36 वर्ष, निवासी कलंब, तालुका आंबेगांव, जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस ने 132 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 66 लाख रुपये, लगभग 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में कुल 81 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
टेमरी जांच नाका पर 80.400 किलो गांजा पकड़ा
दूसरी कार्रवाई थाना कोमाखान पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने एनएच-353 स्थित ग्राम टेमरी जांच नाका पर की। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला और एक पुरुष कार में ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के बाद टीम ने राजमार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 80.400 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 40 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा कंधमाल, ओडिशा से रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जाना बताया।
पुलिस ने कार चालक अभिजीत डिगाल पिता अभिराम डिगाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी रायकिया, थाना रायकिया, जिला कंधमाल, ओडिशा और उसके साथ कार में बैठी जयश्री प्रधान पिता सोमनाथ, उम्र 26 वर्ष, निवासी किलाकिया, थाना सारंगढ़, जिला कंधमाल, ओडिशा को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पुलिस ने 80.400 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और कार क्रमांक DL 2C AX 0153 जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 48 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 159/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
एक दिन में चार तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 212.400 किलो गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 6 लाख 20 हजार रुपये है। इसके अलावा करीब 23 लाख रुपये की दो कारें और 40 हजार रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इस तरह दोनों मामलों में कुल 1 करोड़ 29 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में तस्करी का नेटवर्क ओडिशा के कंधमाल से जुड़ा है। पहली खेप को पुणे, महाराष्ट्र और दूसरी खेप को रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जाने की योजना थी। पुलिस और एएनटीएफ की सटीक सूचना, नाकाबंदी और त्वरित कार्रवाई से दोनों तस्करी के प्रयासों को नाकाम किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

