
राहुल भोई महासमुंद
अन्य जिलों में चावल जमा नहीं करने पर प्रशासन ने किया भौतिक सत्यापन, जिले की अन्य राइस मिलों को भी नोटिस जारी..
महासमुंद। शासकीय धान की कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कल्याणपुर स्थित उत्कल एग्रोटेक राइस मिल में बड़ी अनियमितता सामने आई है। भौतिक सत्यापन के दौरान मिल में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने मिल को आगामी आदेश तक सील कर दिया। वहीं मौके से 268 क्विंटल चावल भी जब्त किया गया है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और विपणन संघ की संयुक्त टीम ने मिल परिसर में पहुंचकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में शासकीय धान की बड़ी मात्रा में कमी सामने आने के बाद टीम ने तालाबंदी और सीलबंदी की कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, शासन के निर्देशानुसार उत्कल एग्रोटेक को दूसरे जिलों में चावल जमा करना था। इसके तहत कोंडागांव जिले में 650 क्विंटल, बलौदाबाजार जिले में 3,386 क्विंटल और बस्तर जिले में 4,335 क्विंटल चावल जमा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने के चलते प्रशासन ने मिल का भौतिक सत्यापन कराया, जिसमें 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाया गया।
अन्य राइस मिलर्स पर भी प्रशासन की नजर
उत्कल एग्रोटेक पर कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन की नजर अन्य राइस मिलर्स पर भी है। प्रशासन द्वारा जिले की दूसरी राइस मिलों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही उनके स्टॉक और दूसरे जिलों में जमा किए जाने वाले चावल की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासकीय धान एवं चावल के भंडारण, उठाव और जमा करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। शासकीय धान में गड़बड़ी, निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले मिलर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में अन्य राइस मिलों की जांच और कार्रवाई भी जारी रहेगी।


