
राहुल भोई महासमुंद..
एक करोड़ 3 लाख 39 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके कार सवार दो व्यक्ति
महासमुंद। जिले में अवैध परिवहन और संदिग्ध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पलसापाली नाका में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, चांदी जैसी सिल्लियां और नकदी बरामद की है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक CG 23Q 9222 को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद सवार थे।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट में रखे छह काले बैग मिले। इनमें प्लास्टिक के डिब्बों में रखे विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन, मूर्तियां और छह नग चांदी जैसी सिल्लियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले।
जीएसटी बिल और परिवहन दस्तावेज नहीं दिखा सके
पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों से चांदी के सामान और नकदी के वैध स्वामित्व, खरीदी-बिक्री के पक्के जीएसटी बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे। लेकिन दोनों व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद संदिग्ध संपत्ति होने के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चांदी के सामान, नकदी और परिवहन में प्रयुक्त कार को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया।
जीएसटी विभाग को भेजी गई सूचना
बसना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की है। वहीं, धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिए जाने पर संबंधित व्यक्तियों ने कोई दस्तावेज नहीं होना लिखित में बताया। मामले की सूचना आयुक्त जीएसटी विभाग छत्तीसगढ़ को भी भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, जब्त 52 किलो 528 ग्राम चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये, नकद राशि 3 लाख 39 हजार 800 रुपये और कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


