*राधना एवं पुटानचादा गांव में जोन स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम हुए शामिल*
*अतिथियों का पारंपरिक मांदरी नृत्य के साथ किया गया भव्य स्वागत*
राजमन नाग*
*बडेडोंगर* ,फरसगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत पालन के आश्रित गांव राधना एवं मैनपुर पंचायत के आश्रित ग्राम पुटानचादा गांव में आयोजित जोन स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक सेवक राम नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पहुंचने पर अतिथियों का पारंपरिक मांदरी नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया। गांव के लोगो ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।
इस दौरान पूर्व विधायक नेताम ने फाइनल कबड्डी मैच का टॉस कराकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बच्चों से कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। ग्रामीण अंचल के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने शिक्षकों एवं आयोजन समिति के प्रयासों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की। ग्रामीणों ने शिक्षा, सड़क, पेयजल सहित अन्य विकास कार्यों से जुड़ी मांगें रखीं, जिन पर पूर्व विधायक ने सकारात्मक साय सरकार एवं लोकप्रिय विधायक नीलकंठ टेकाम के प्रयास से पहल का आश्वासन दिया।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष लघु वनोपज छत्तीसगढ़ शासन रूपसाय सलाम शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल को जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि गांव के बच्चे भी मेहनत और लगन से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम में उनके साथ सरपंच संघ संभाग अध्यक्ष झरीराम सलाम, मंडल अध्यक्ष महेंद्र कुमार सलाम, मंडल महामंत्री रामसाय नाग, यदुदास मानिकपुरी सहित क्षेत्र के जनपद सदस्य,सरपंच एंव अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रमुख, पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

