
राहुल भोई महासमुंद…
महासमुंद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 107.29 बल्क लीटर अवैध शराब और 450 किलो महुआ लाहन जब्त
महासमुंद। कलेक्टर महासमुंद के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोमा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब, महुआ लाहन तथा देशी शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार ग्राम कोमा निवासी नरेश रात्रे पिता पवन रात्रे के कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब (अनुमानित मूल्य ₹20,000), 450 किलोग्राम महुआ लाहन (मूल्य ₹22,500) तथा 44 नग सुपर-36 लेबल युक्त देशी प्लेन मदिरा (180 मिली प्रति नग) कुल 7.29 बल्क लीटर (मूल्य ₹3,520) बरामद की गई। इस प्रकार कुल 107.29 बल्क लीटर मदिरा एवं 450 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना आबकारी उपनिरीक्षक आनंद स्वर्णकार द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक हृदय कुमार तिरपुड़े, अनिल कुमार झारिया, आरती साहू, चेतना वर्मा सहित महासमुंद आबकारी स्टाफ की संयुक्त टीम शामिल रही।
जिला आबकारी अधिकारी का वर्जन :
जिला आबकारी अधिकारी अजय पाण्डेय बताया कि “कलेक्टर महासमुंद के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी अपील है कि अवैध शराब संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी आबकारी विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”




