HomeUncategorizedतेंदुए का आतंक: झिटकी में घर में घुसकर 6 लोगों पर हमला,...

तेंदुए का आतंक: झिटकी में घर में घुसकर 6 लोगों पर हमला, 3 गंभीर; दो दिन में दो घटनाओं से दहशत..

राहुल भोई महासमुंद..

महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम झिटकी में रविवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया और एक ही परिवार के 6 लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुए हैं। इनमें से 3 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यादव परिवार के सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई यादव देर रात बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए, जिसके बाद तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और परिवार के दूसरे सदस्यों पर भी हमला कर दिया।

अचानक घर के अंदर तेंदुआ घुसने से परिवार में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। तेंदुए ने एक के बाद एक कई लोगों को अपना निशाना बनाया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई।

6 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर..

तेंदुए के हमले में सरजू यादव उम्र 60 वर्ष, उनकी पत्नी उत्तरीबाई यादव उम्र 55 वर्ष, जनकराम उम्र 40 वर्ष, जनकराम के पुत्र मनीष उम्र 18 वर्ष, सुनीता यादव उम्र 34 वर्ष और तुपार उम्र 15 वर्ष समेत कुल 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में बुजुर्ग, महिला और किशोर भी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की मदद से सभी घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान 3 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

एक दिन पहले भी हुआ था तेंदुए का हमला..

झिटकी में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और बढ़ गई है। खास बात यह है कि झिटकी गांव के समीप पंडरीपानी क्षेत्र में एक दिन पहले भी तेंदुए द्वारा एक व्यक्ति पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। लगातार दो दिनों में तेंदुए के हमले की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों को आशंका है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही तेंदुआ हो सकता है, हालांकि वन विभाग की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी की खबरों के चलते ग्रामीण रात के समय घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।

वन विभाग की टीम मौके पर, रायपुर से बुलाई गई रेस्क्यू टीम…

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस का अमला मौके पर पहुंच गया। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों और उसके मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है। तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है…

वन विभाग की टीम द्वारा इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और रात के समय अकेले घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी की जा रही है।..

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की लगातार मौजूदगी से गांव में डर का माहौल है। खासकर रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने में भी भय महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए का रेस्क्यू करने की मांग की है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की

रेंजर नवीन वर्मा के मुताबिक, तेंदुए के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रेस्क्यू के लिए विशेष टीम को भी बुलाया गया है।

फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम पूरे इलाके में निगरानी कर रही है। झिटकी में एक ही परिवार के 6 लोगों पर तेंदुए के हमले और इससे एक दिन पहले पंडरीपानी में हुई घटना ने वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि वन विभाग की टीम तेंदुए को कब तक रेस्क्यू करती है और इलाके में लोगों की सुरक्षा किस तरह सुनिश्चित की जाती है।

 

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES