HomeUncategorizedमहासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार; 2.95...

महासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार; 2.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त..

राहुल भोई महासमुंद..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास नाकेबंदी कर 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार वाहनों की जांच और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने NH-53 पर रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

कैरेट के नीचे छिपाकर रखी थीं 16 बोरियां

वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान दोनों के जवाब संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी में डाले में रखे कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 35-35 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले ले जाने की बात बताई। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे के स्रोत तथा गंतव्य के संबंध में जांच कर रही है।

महाराष्ट्र के दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गांजा परिवहन के आरोप में अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष), निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव तथा स्वराज महाजन (25 वर्ष), निवासी कसोदा आडगांव, थाना कासोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है।

2.95 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 560 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये है, तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है, और दो मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 8 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

 

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES