जगदलपुर। सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति सहित अन्य पदोन्नति प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ, छत्तीसगढ़ की बस्तर इकाई के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रभारी अधिकारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।

संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार कुर्रे एवं उपाध्यक्ष पवन सेठिया के नेतृत्व में शिक्षक साथियों ने विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर अपनी मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। संघ का कहना है कि बस्तर संभाग के शासकीय विद्यालयों में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत पात्र एवं योग्य शिक्षकों को लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार है। वहीं शिक्षक पदों पर बड़ी संख्या में रिक्तियां होने के कारण विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
अंतिम वरिष्ठता सूची और DPC की बैठक शीघ्र कराने की मांग
ज्ञापन में संघ ने अंतिम वरिष्ठता सूची का शीघ्र प्रकाशन, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित करने, प्रधान पाठक के रिक्त पदों की जानकारी सार्वजनिक करने, प्रधान पाठक के रिक्त पदों पर पदोन्नति सूची जारी करने तथा काउंसलिंग की तिथि एवं समय-सारणी जारी करने की मांग की।

इसके साथ ही संघ ने सुप्रीम कोर्ट के दिनांक 01.09.2025 के निर्णय के अनुसार पात्र एवं योग्य सहायक शिक्षकों के कार्य निष्पादन/प्रोबेशन संबंधी CR की जानकारी भी उपलब्ध कराने की मांग ज्ञापन में रखी है।

अधिकारियों से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद
शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया समय पर पूरी होने से न केवल पात्र शिक्षकों को उनका अधिकार मिलेगा, बल्कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी। संघ ने विभाग से पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आग्रह किया।
डीईओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान दिनेश कुमार कुर्रे, पवन सेठिया, बी.के. नेताम, प्रकाश महापात्र, प्रदीप टेंभुरकर, नरेश कुमार राय, तरुण कुमार पंत, मुकेश पटेल, भैरम दास विक्रांत, चन्द्रशेखर साहू, वर्षा दवे, सरस्वती बघेल, जीवेंद्र मगर, लखपती देवांगन, प्रमोद कुमार साहू, राजूराम देवांगन, वीरेंद्र नेताम, रघुनाथ देवांगन, धनेश्वर चंद्र, अशोक निषाद, दशरथ नाग, प्रीतम प्रसाद दहिए, गुलशन कुमार बघेल, पुरुषोत्तम सेठी, मनीराम भारद्वाज, गजेंद्र कश्यप, जयदेव सिंह ठाकुर, चन्द्रज्योत्सना पानीग्राही एवं रेखा अधिकारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
संघ ने कहा कि संभाग एवं जिला स्तर पर पदोन्नति संबंधी कार्रवाई आगे बढ़ने की स्थिति में पात्र शिक्षकों को शीघ्र इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

