* डब्बे-जार में डीजल नहीं मिलने से किसान परेशान, ट्रैक्टर रस्सी से खींचकर पहुंचे एसडीएम कार्यालय*
दीपक मरकाम की खबर,
बस्तर सम्भाग जगदलपुर दिनांक 02 जून 2026
बस्तर : खेती-किसानी के महत्वपूर्ण सीजन में डीजल, खाद और बीज की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
नारायणपाल, आड़ावाल एवं आसपास के गांवों के किसान डीजल नहीं मिलने से आक्रोशित होकर ट्रैक्टर के साथ एसडीएम कार्यालय बस्तर पहुंच गए।
किसानों का कहना है कि पेट्रोल पंपों में डब्बे या जार में डीजल नहीं दिया जा रहा है, जिससे खेतों में काम प्रभावित हो रहा है।
कई किसानों के ट्रैक्टर खेतों में खड़े हैं तो कहीं जनरेटर बंद पड़े हैं, जिससे सिंचाई और अन्य कृषि कार्य ठप हो गए हैं।
इसी बीच नारायणपाल क्षेत्र का एक मामला सामने आया, जहां खेत में काम करते समय ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया।
पेट्रोल पंप से डीजल नहीं मिलने पर ग्रामीणों को ट्रैक्टर को रस्सी से बांधकर करीब 5 किलोमीटर तक खींचते हुए एसडीएम कार्यालय तक लाना पड़ा।
इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल, खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

