
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर पुलिस ने महाराष्ट्र जा रही एक कार से 9 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि ओडिशा के संबलपुर से महाराष्ट्र के चंद्रपुर की ओर एक सफेद रंग की होंडा अमेज (MH-34 AM-7642) में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर रेहटीखोल में नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 9 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा संबलपुर से खरीदकर चंद्रपुर ले जा रहे थे, जहां उसकी बिक्री की जानी थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 9 किलो गांजा (कीमत 4.50 लाख रुपये), परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत 2.50 लाख रुपये) तथा 2 मोबाइल फोन (कीमत 1.60 लाख रुपये) जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल 8.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद खान (22 वर्ष), शुभम केशकर (22 वर्ष) और रोहित केशकर (23 वर्ष), निवासी बल्लारपुर, जिला चंद्रपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। इनके साथ मौजूद दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस मामले में थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य सरगनाओं की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के 105 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 7,251.851 किलोग्राम (लगभग 72 क्विंटल 51 किलो) गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36 करोड़ 15 लाख 89 हजार 950 रुपये है, जब्त किया गया है। इसी अवधि में 259 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 62 आरोपी छत्तीसगढ़ तथा 197 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।

