
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद जिले के पिरदा धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं के चलते पांच दिन बाद भी धान खरीदी शुरू नहीं हो पाई है। जबकि किसानों के टोकन कट चुके हैं और किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं। लेकिन खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं होने से केंद्र का कामकाज ठप पड़ा है। ऐसे में छह गांवों के 1024 किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों का धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है और वे अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार कर रहे हैं।

मामला पिथौरा विकासखंड के पिरदा धान खरीदी केंद्र का है। यहां धान खरीदी शुरू हुए पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक खरीदी की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। किसान टोकन कटने के बाद अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन तौल करने वाला कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं है। नतीजा यह है कि किसानों का धान खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है।
दरअसल, केंद्र में खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है। जानकारी के मुताबिक तत्कालीन खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर को पिरदा बैंक शाखा में अटैच कर दिया गया है, लेकिन उनके स्थान पर अब तक किसी दूसरे कर्मचारी की व्यवस्था नहीं की गई। इस केंद्र से छह गांवों के 1024 किसान जुड़े हुए हैं।किसानों को टोकन कटने के बाद भी धान नहीं बिकने और खुले में रखी उपज की चिंता सता रही है परेशान किसानों मे बृजलाल चौधरी और अनीस दानी ने बताया की सभी जगह धान खरीदी शुरू हो गई है लेकिन हमारे यहां अभी तक एक दाना भी नहीं खरीदा गया है हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द यहां भी सुचारू रूप से धान खरीदी चालू हो नहीं तो हमारा धान खराब हो जाएगा

वही मामला सामने आने के बाद एसडीएम और तहसीलदार भी खरीदी केंद्र पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों ने जल्द से जल्द खरीदी प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति कर धान खरीदी शुरू कराने की मांग की है। वहीं एसडीएम सुभम देव का कहना है कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और कलेक्टर के निर्देशानुसार जल्द खरीदी शुरू कराने की व्यवस्था की जाएगी।
फिलहाल पिरदा धान खरीदी केंद्र में पांच दिन से खरीदी शुरू होने का इंतजार है। एक तरफ किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं, तो दूसरी तरफ खुले आसमान के नीचे रखे धान की सुरक्षा भी उनके लिए चिंता का विषय बनी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक व्यवस्था दुरुस्त कर छह गांवों के 1024 किसानों को राहत दिला पाता है।
——————————————–

