*सैंड्रा कैंप में पदस्थ CAF जवान की मौत पर बवाल, शव सड़क पर रखकर परिजनों का प्रदर्शन*
*पुलिस बोली- प्रारंभिक जांच में आत्महत्या, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच, राजकीय सम्मान और एक करोड़ मुआवजे की मांग*
बीजापुर/सूरजपुर – सैंड्रा कैंप में पदस्थ CAF जवान विजेंद्र ठाकुर की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। 30 सितंबर को कैंप में जवान द्वारा खुद को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से संबंधित प्रतीत हो रहा है, लेकिन सूरजपुर जिले के गृह ग्राम में शव पहुंचने के बाद परिजनों ने इस निष्कर्ष को मानने से इनकार कर दिया है।
परिजनों ने जवान की मौत की परिस्थितियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मौत की वास्तविक वजह सामने लाई जाए। इसी मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण जवान का शव लेकर देवनगर मुख्य स्टेट हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शव सड़क पर रखकर बोले- न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं
प्रदर्शन के दौरान जवान की पत्नी, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। परिजनों ने मांग रखी कि जवान को तिरंगे में लपेटकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाए। परिवार का कहना है कि मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होने और उनकी मांगों पर संतोषजनक आश्वासन मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शव को गृह ग्राम लाए जाने के दौरान विभाग के किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी नहीं रही। इसे लेकर भी परिवार में नाराजगी है। जवान को शहीद का दर्जा नहीं दिए जाने को लेकर भी परिजनों ने आपत्ति जताई है।
पत्नी को नौकरी, बच्चों की शिक्षा और एक करोड़ मुआवजे की मांग
परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन को पत्र सौंपकर अपनी मांगें रखी हैं। इनमें जवान की मौत की निष्पक्ष जांच, वास्तविक कारणों का खुलासा, जवान को शहीद का दर्जा, पत्नी को सरकारी नौकरी, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था और एक करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग प्रमुख है।
परिजनों का कहना है कि जवान ने सुरक्षा बल में सेवा दी है, इसलिए परिवार को सम्मान और उचित सहायता मिलनी चाहिए। मांगों को लेकर कई घंटे तक परिजन और ग्रामीण सड़क पर डटे रहे।
SDM और पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन की सूचना के बाद रामानुजनगर SDM और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन अपनी मांगों पर संतोषजनक आश्वासन मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात पर कायम रहे।
पुलिस जांच में जुटी, अब सामने आएंगे मौत के कारण
इधर, बीजापुर पुलिस के अनुसार घटना 30 सितंबर 2026 को सैंड्रा कैंप में हुई, जहां CAF जवान विजेंद्र ठाकुर ने कथित तौर पर स्वयं को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। फरसेगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से संबंधित प्रतीत हो रहा है। घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों के बीच अब जांच के निष्कर्ष पर सबकी नजर है।

