Homeछत्तीसगढ़*मोहला---साइबर ठगी के ‘मास्टरमाइंड’ पर जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस का...

*मोहला—साइबर ठगी के ‘मास्टरमाइंड’ पर जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस का शिकंजा, पश्चिम बंगाल से मुख्य सरगना समेत 3 गिरफ्तार*

मनीष कौशिक

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी साइबर ठगी के अंतर्राज्यीय नेटवर्क के खिलाफ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के विश्लेषण के आधार पर पश्चिम बंगाल से गिरोह के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में एक कथित वर्चुअल बैंक खाते से जुड़े देशभर के 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 176 FIR सामने आई हैं।

एक खाते की पड़ताल ने खोला ठगी के नेटवर्क का राज

खड़गांव थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 06/26 की जांच के दौरान पुलिस को ठगी की रकम अलग-अलग 9 बैंक खातों में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। जांच में वर्चुअल बैंक खाता नंबर 211071614 सामने आया, जिसमें 60 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाने की बात पुलिस ने बताई। इसी खाते के विश्लेषण से देश के अलग-अलग हिस्सों में साइबर ठगी से जुड़े मामलों का नेटवर्क सामने आया।

कर्नाटक में 54, बिहार में 46 और तेलंगाना में 28 FIR

पुलिस के मुताबिक, इस खाते से जुड़े मामलों में कर्नाटक में 54, बिहार में 46, तेलंगाना में 28, उत्तर प्रदेश में 10, केरल में 8, महाराष्ट्र में 7, हरियाणा और तमिलनाडु में 6-6, दिल्ली में 4 तथा पश्चिम बंगाल में 3 FIR मिली हैं। अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और राजस्थान में भी एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में भी 31 शिकायतें

पुलिस के अनुसार, इसी नेटवर्क से संबंधित मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के विभिन्न थानों में कुल 31 शिकायतें दर्ज मिली हैं। इनमें अंबागढ़ चौकी में 15, खड़गांव में 9, मोहला में 3, मानपुर में 2 तथा गोटाटोला और मदनवाड़ा में एक-एक शिकायत शामिल है।

पश्चिम बंगाल में घेराबंदी, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जिला पुलिस की टीम ने 30 सितंबर को पश्चिम बंगाल में कार्रवाई करते हुए आदित्य रजक, कृष्णा चौधरी और सुमन वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आदित्य रजक को मामले का मुख्य सरगना बताया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन तथा खड़गांव थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील त्रिपाठी और प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अब्दुल रियाज के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में धन सिंह महिलांगे, आशीष जोगी, नर्मदा प्रसाद पैकरा, महिला सहायक आरक्षक सरिता जाड़े सहित साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अज्ञात बैंक खातों, लिंक, कॉल या वर्चुअल बैंकिंग के झांसे से बचने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने कहा गया है।

 

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES