*सीआरपीएफ 170 बटालियन में धूमधाम से मना रक्षाबंधन, एकल अभियान की बहनों ने जवानों को बांधी राखी*
बीजापुर 27 अगस्त 2026
बीजापुर::::::जिला मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ 170 बटालियन कैंप में बुधवार को रक्षाबंधन का पर्व देश के वीर जवानों और एकल अभियान की आचार्य बहनों ने आत्मीयता, उत्साह और राष्ट्रभावना के साथ मनाया। जवानों की कलाइयों पर जब बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा, तो पूरा परिसर भाई-बहन के स्नेह और देशसेवा के भाव से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत ॐ के उच्चारण, गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुई। इसके बाद आचार्य बहनों ने जवानों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर और आरती उतारकर उनकी कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधा। बहनों ने जवानों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं, वहीं जवानों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर अपना स्नेह व्यक्त किया।
*दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और संस्कार देना सबसे बड़ा काम: कमांडेंट*
इस अवसर पर 170 बटालियन के कमांडेंट श्री सरकार राजा रमन ने एकल अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “जो काम एकल अभियान की ये बहनें कर रही हैं, वह बहुत ही महत्वपूर्ण है। ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में जाकर छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभावना से जोड़ना वास्तव में बहुत बड़ा कार्य है।” उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी समाज व राष्ट्र निर्माण में जुटी बहनों का जवानों के बीच आकर रक्षाबंधन मनाने पर आभार जताया।
*1989 से चल रहा शिक्षा और संस्कार का अभियान: नंद किशोर राना*
एकल अभियान संच बीजापुर के अध्यक्ष श्री नंद किशोर राना ने बताया कि वर्ष 1989 से प्रारंभ हुआ एकल विद्यालय अभियान आज देशभर में हजारों विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार, सामाजिक जागरण और राष्ट्रप्रेम की अलख जगा रहा है।
*कमांडेंट को भेंट की गई श्रीमद्भागवत गीता*
कार्यक्रम के दौरान एकल विद्यालय अभियान (बीजापुर संच व दंतेवाड़ा अंचल) के पदाधिकारियों ने 170 बटालियन के कमांडेंट श्री सरकार राजा रमन को सौजन्य स्वरूप ‘श्रीमद्भागवत गीता’ भेंट की।
*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*
इस गरिमामयी आयोजन में सीआरपीएफ 170 बटालियन के द्वितीय कमांडेंट श्री विनोद कुमार रावत सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एकल अभियान की ओर से संच अध्यक्ष श्री नंद किशोर राना, संच संरक्षक श्री नागेश वड्डे, अंचल प्रशिक्षण प्रमुख श्री रामधर कश्यप, अंचल पदाधिकारी श्री ललित दानी, लोकनाथ चंद्राकर, श्री लिपेंद्र वैष्णव तथा संच बीजापुर की एसएसपी माता प्रमुख श्रीमती बसंती लिंगम सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

