Homeबीजापुरटीईटी, पुरानी पेंशन एवं पदोन्नति की मांग को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा...

टीईटी, पुरानी पेंशन एवं पदोन्नति की मांग को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर। छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष माननीय सुधीर गौतम के बीजापुर जिले के सामान्य दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा जिला बीजापुर के पदाधिकारियों ने बीआरसी कार्यालय में सौजन्य भेंट कर उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान मोर्चा के जिला सह-संचालक कैलाश रामटेके के नेतृत्व में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता, पुरानी पेंशन, पदोन्नति, वेतन विसंगति सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। मोर्चा ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम वर्ष 2010 से लागू हुआ है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा का कहना है कि किसी भी कानून को उसके लागू होने की तिथि से ही प्रभावी माना जाना चाहिए। वर्षों पूर्व नियुक्त होकर 30 से 35 वर्षों से शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों पर अब टीईटी की अनिवार्यता लागू किया जाना उचित नहीं है। इससे देशभर के लगभग 25 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों के भविष्य को लेकर चिंता की स्थिति उत्पन्न हुई है। मोर्चा ने इस संबंध में संसद के माध्यम से आवश्यक संशोधन अथवा अध्यादेश लाकर शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की है।

इसके साथ ही मोर्चा ने प्रथम नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन योजना का लाभ प्रदान करने, सभी पात्र एवं प्रशिक्षित शिक्षकों को पदोन्नति देने, वेतन विसंगति दूर करने सहित अन्य लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा रखी गई मांगों को राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम ने ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं को आगामी शिक्षा विभाग की बैठक में चर्चा के लिए रखा जाएगा तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों तथा शिक्षकों की समस्याओं एवं विभिन्न मुद्दों पर समय-समय पर शासन को अपना अभिमत एवं सुझाव देता है।

इस अवसर पर शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारी वसीम खान, विजय चापड़ी, पुरुषोत्तम चंद्रकार, अरुण सिंह, राजेश मिश्रा, राजेश यालम, प्रदीप साहनी, रमन झा एवं आशीष पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES