Homeबीजापुरसर्व समाज ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, गूंजे ‘जय बिरसा–जय...

सर्व समाज ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, गूंजे ‘जय बिरसा–जय भीम’ के नारे

बीजापुर। महान आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को बीजापुर जिले में सर्व समाज द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर नया बस स्टैंड स्थित भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल के समीप भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। उपस्थित समाज प्रमुखों एवं नागरिकों ने उनके संघर्ष, विचारों और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘जय बिरसा–जय भीम’ के नारों से परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलीहातू गांव में एक साधारण आदिवासी परिवार में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। वे जल, जंगल और जमीन को आदिवासी समाज की पहचान एवं जीवन का आधार मानते थे। अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध उनके संघर्ष के कारण आज भी उन्हें आदिवासी समाज में अत्यंत सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्हें ‘धरती आबा’ अर्थात धरती का पिता कहा जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और बदलाव के महान प्रतीक भी थे। उन्होंने समाज को अंधविश्वास, कुरीतियों एवं नशे से दूर रहने, आपसी एकता बनाए रखने तथा अन्याय और शोषण के विरुद्ध संगठित होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें गोंड समाज से धनेश कुजाम एवं लक्ष्मण कुंजाम, मुरिया समाज से सतीश मंडावी, परधान समाज से राकेश गिरी एवं श्रवण सेण्ड्रा, हल्बा समाज से बी.एल. पुजारी, तेलंगा समाज से मंगल रोटेल, कंवर समाज से कमलेश पैकरा, कुडुक उरांव समाज से जूलियस तिर्की, मुस्लिम समाज से इकबाल खान, मसीह समाज से डेविड कुमार, कुम्हार समाज से योगेश नगपुरी, महार समाज से डी. नागेश्वर सहित के.डी. झाड़ी, बसंत मामड़ीकर, कैलाश रामटेके, राजकुमार रामटेके, विजय चापड़ी, कैलाश गोनेट, भावेश जुमड़े एवं शशांक कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संदेश रहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, सामाजिक एकता और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

जय बिरसा! जय भीम! जय संविधान!

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES