Homeबीजापुरटीईटी मुक्ति, पुरानी पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा...

टीईटी मुक्ति, पुरानी पेंशन सहित विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने निकाली रैली, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बीजापुर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, पुरानी पेंशन बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशभर में रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में बीजापुर जिला मुख्यालय में जिले के चारों विकासखंडों से सैकड़ों शिक्षक सांस्कृतिक मैदान में एकत्रित हुए और रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

शिक्षकों ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव, विभागीय सचिव एवं संचालक के नाम तहसीलदार बीजापुर पंचुराम सलामे को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला सचिव कैलाश रामटेके ने बताया कि सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त की जाए, ताकि पात्र शिक्षकों की पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो सके। साथ ही प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए समस्त एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, केंद्रीय वेतनमान लागू कर वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में किए गए संशोधन पर पुनर्विचार कर एलबी संवर्ग के शिक्षकों के हित में आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई।

इसके अलावा सभी शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षित कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

रैली में सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता बड़ी संख्या में शामिल हुए। चारों विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्ष शिव पुनेम, विजय चापड़ी, पूर्णचंद बेहरा एवं संजय चिंतुर सहित कमलेश मिश्रा, ए. तिरुपति, महामंत्री वसीम खान, मनोज कावटी, अरुण सिंह, मनोज अल्लूर, भीमचंद साहनी, बुधराम तेलम, यदुनाथ कश्यप समेत बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता निभाई।

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने शासन से शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

— कैलाश रामटेके

जिला सचिव, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, बीजापुर

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES