
महासमुंद पुलिस का गांजा तस्करों पर बड़ा प्रहार: एक दिन में 167 किलो गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में गांजा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। जिले के कोमाखान और सिंघोड़ा थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 166.990 किलोग्राम (करीब 167 किलो) अवैध गांजा जब्त किया गया। इस दौरान तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक मामले में वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने 1 करोड़ 3 लाख 81 हजार रुपये से अधिक की गांजा, वाहन, मोबाइल और नगदी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में गांजा तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दोनों बड़ी सफलताएं पुलिस को मिलीं।
कोमाखान में 114 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से महाराष्ट्र की ओर एक सफेद रंग की टाटा हैरियर कार में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ग्राम टेमरी जांच नाका पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने कार तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर एनएच-353 स्थित कोमाखान चौकड़ी में वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 114 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 57 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार, तीन मोबाइल फोन और 2 लाख रुपये नकद भी जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 74 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी नागराज पारधी (26 वर्ष), दिनेश माली (28 वर्ष) और सतपाल सिंह राजपूत (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा के बालीगुड़ा से लेकर महाराष्ट्र के नारदाना (धुले) ले जा रहे थे। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सिंघोड़ा में लावारिस बलेनो कार से 52.990 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन चेकिंग प्वाइंट से करीब 100 मीटर पहले एक संदिग्ध बलेनो कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार की तलाशी लेने पर उसमें कोई व्यक्ति नहीं मिला।
पुलिस ने जब वाहन की गहन जांच की तो कार की पिछली सीट और छत (रूफ) में बनाए गए गुप्त चेंबर से 52.990 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत 26 लाख 48 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा 3 लाख रुपये कीमत की बलेनो कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 29 लाख 51 हजार रुपये है।
इस मामले में वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्करों की नई तस्करी तकनीक उजागर
सिंघोड़ा की कार्रवाई में पुलिस ने तस्करों की नई कार्यप्रणाली का भी खुलासा किया। आरोपी कार की पिछली सीट और रूफ में विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि सामान्य जांच में पुलिस को इसकी भनक न लगे। पुलिस का मानना है कि यह तस्करी का सुनियोजित और पेशेवर तरीका है।
एक दिन में 167 किलो गांजा जब्त, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
दोनों कार्रवाइयों में महासमुंद पुलिस ने कुल 166.990 किलोग्राम गांजा, दो कारें, पांच मोबाइल फोन तथा 2 लाख रुपये नकद सहित 1 करोड़ 3 लाख 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




