HomeUncategorizedयुवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल और प्रतिभा से...

युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल और प्रतिभा से होनी चाहिए – कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब

राहुल भोई महासमुंद…

महासमुंद, 2 अगस्त। जिला पंचायत सभागार में रविवार को “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने सुना। इसके बाद सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, श्री महेंद्र सिक्का, श्री राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद सहित माय भारत, समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल, प्रतिभा और सकारात्मक सोच से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 100 दिनों तक चलने वाला जन-जागरूकता अभियान है। भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और यदि युवा अपनी ऊर्जा नशे के बजाय कौशल विकास, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता में लगाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध इस लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देना होगा। साथ ही उन्होंने संत गुरु घासीदास बाबा के बताए नशामुक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि “जिनकी आनी और बानी अच्छी होगी, उनकी सियानी भी अच्छी होगी।”

महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज देशभर के लगभग 10 हजार संस्थानों में युवा नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार जिज्ञासा के कारण शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है और व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।

छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि आज के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्वयं को नशे से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और युवा शक्ति ही भारत को नशामुक्त बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और अधिक प्रभावी बनेगा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरला कोसरिया ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के तन, मन और संपूर्ण जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।

जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है”, इसलिए प्रत्येक युवा को नशे का बहिष्कार करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया तथा उपस्थित सभी युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES