* अपर कलेक्टर के रवैये से नाराज मूल निवासी समाज, विश्व आदिवासी दिवस की बैठक का किया बहिष्कार*
बस्तर जगदलपुर
जगदलपुर, आगामी 09 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित आस्था सभाकक्ष में जिला प्रशासन और बस्तर के विभिन्न मूल निवासी एवं आदिवासी समाजों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल ने प्रतापगंज पारा स्थित देवस्थल पर पूजा-अर्चना एवं कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने सीमित संख्या में पारंपरिक पूजा की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
समाज के पदाधिकारियों का आरोप है कि बैठक के दौरान उनकी धार्मिक आस्था और परंपराओं को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया, जिससे वे नाराज हो गए और विरोध स्वरूप बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस उनकी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था का प्रतीक है तथा देवस्थल पर पूजा उनकी सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है।
उन्होंने प्रशासन से स्थानीय परंपराओं का सम्मान करते हुए समाधान निकालने की मांग की तथा कहा कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य शासन को दी जाएगी।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा समाज की ओर से प्रकाश ठाकुर, दिनेश यदु, तरुण धाकड़, राजू बघेल, गंगा नाग, बसंत कश्यप, लखेश्वर कश्यप, पूरन सिंह कश्यप सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

