भोपालपटनम में रिमझिम बारिश बनी वरदान, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, जनजीवन भी सामान्य,,,,,,,,,,
,,,,,,,,,,तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,,,
भोपालपटनम।,,,,,,,,,,,,,, पिछले तीन दिनों से भोपालपटनम विकासखंड में रुक-रुक कर हो रही हल्की से मध्यम बारिश ने क्षेत्र के किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। मानसून की इस संतुलित शुरुआत से खेती-किसानी के कार्यों ने गति पकड़ ली है। किसान अब अपने खेतों की जुताई और खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं।
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से भी लोगों को बड़ी राहत मिली है। क्षेत्र में दिन के समय हल्की बारिश और रात में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा होने का क्रम बना हुआ है। मौसम के इस संतुलन का लाभ केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी मिल रहा है।
दिन में कम बारिश होने से खेतों में जुताई, मजदूरी और अन्य कार्य निर्बाध रूप से चल रहे हैं। मजदूरों को नियमित रोजगार मिल रहा है, वहीं लोगों का आवागमन भी सामान्य बना हुआ है। बाजारों में भी चहल-पहल बनी हुई है और व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की बारिश से कारोबार पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ रहा है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार आवश्यकता के अनुसार वर्षा होती रही तो यह खेती और जनजीवन दोनों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उनका कहना है कि अत्यधिक बारिश होने पर सड़कों पर जलभराव, आवागमन में बाधा और दैनिक मजदूरी पर निर्भर लोगों की आजीविका प्रभावित होती है। वहीं संतुलित वर्षा खेतों के लिए भी उपयोगी होती है और सामान्य जीवन भी सुचारु रूप से चलता रहता है।
किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ सीजन के लिए शुभ संकेत है। पर्याप्त नमी मिलने से खेत तैयार करने में आसानी हो रही है और बुवाई का कार्य भी समय पर पूरा होने की उम्मीद है। इससे अच्छी फसल उत्पादन की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।
भोपालपटनम क्षेत्र में मानसून की इस संतुलित बारिश ने प्रकृति और जनजीवन के बीच बेहतर तालमेल का एहसास कराया है। लोगों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी इंद्रदेव आवश्यकता के अनुरूप ही वर्षा करेंगे, जिससे खेती-किसानी, व्यापार, रोजगार और आम जनजीवन सभी को लाभ मिलेगा।

