Tuesday, May 12, 2026

UDYAM CG08D0001018

register form
Home नारायणपुर सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित* बिना HSRP नंबर प्लेट वाले...

सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित* बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई* हेलमेट पहनने वालों को मिलेगा सम्मान* दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बनाये गए ठोस कार्ययोजना*

0
97

नारायणपुर, 26 जून 2025 // जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और पूर्व में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किए गए एजेंडा बिंदुओं पर अब तक की प्रगति पर चर्चा की गई और शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अपर कलेक्टर ने जिले के सभी प्रमुख मार्गों और राष्ट्रीय-राज्य राजमार्गों के जंक्शनों में सुधार कार्य तेज़ करने, दुर्घटनाजन्य स्थलों और खतरनाक मोड़ों की पहचान कर वहां सुरक्षा उपाय शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक स्टॉपर्स लगाने, अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं को नियंत्रित करने तथा मार्गों के किनारे घास-झाड़ियों की सफाई को प्राथमिकता देने को कहा गया।

बैठक में पुल-पुलियों के पास हेजर्ड मार्कर्स और संकेत बोर्ड लगाने, स्कूल बसों की नियमित जांच और चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण, बिना HSRP नंबर प्लेट, रेडियम, पीयूसीसी और बीमा वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई, अतिभारित ट्रकों और बिना तिरपाल खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की निगरानी जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

अपर कलेक्टर ने हेलमेट पहनने वाले नियमित मोटरसाइकिल चालकों को सम्मानित करने और सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नेक व्यक्तियों को पहचान कर उन्हें पुरस्कृत करने की पहल का स्वागत किया। साथ ही, “कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम” का प्रचार-प्रसार करने और स्कूली छात्रों को पोस्टर-बैनर के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए बायपास रोड निर्माण और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा की गई। बैठक में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया, जिसमें यातायात नियमों की जानकारी आम लोगों तक पहुँचाई जाएगी।

इस अवसर पर जनभागीदारी के अध्यक्ष श्री नरेंद्र मेश्राम, जिला परिवहन अधिकारी श्री भंडारी, कार्यपालन अभियंता आरईएस श्री रामेश्वर नेताम सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here