*विधायक सावित्री मनोज मंडावी की पहल रंग लाई: दुर्गूकोदल तहसील व सहकारी बैंक में लगा वाटर कूलर, ग्रामीणों-किसानों को मिली राहत*
*ग्रामीणों की समस्या पर विधायक की तत्परता, दुर्गूकोदल में वाटर कूलर की हुई व्यवस्था*
*निरीक्षण के दौरान उठी मांग, विधायक के प्रयास से तहसील व बैंक में मिला शीतल पेयजल*
*सावित्री मंडावी की पहल पर श्री बजरंग आयरन ओर माइंस ने लगाया वाटर कूलर*
दुर्गूकोदल, 3 जून 2026।
भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी की सक्रिय पहल से दुर्गूकोदल तहसील कार्यालय एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसर में शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विधायक के प्रयासों से आज 3 जून 2026 को दोनों कार्यालयों में वाटर कूलर स्थापित किए गए, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने 29 मई 2026 को दुर्गूकोदल प्रवास के दौरान तहसील कार्यालय एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों, किसानों तथा आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान किसानों एवं क्षेत्रवासियों ने खाद-बीज की उपलब्धता तथा भीषण गर्मी के बीच शीतल पेयजल की समस्या से विधायक को अवगत कराया।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्रीमती मंडावी ने तत्काल हाहालददी, दुर्गूकोदल में संचालित श्री बजरंग आयरन ओर माइंस के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री सुरेश अग्रवाल से दूरभाष पर चर्चा की और तहसील कार्यालय एवं जिला सहकारी बैंक परिसर में वाटर कूलर स्थापित करने का अनुरोध किया। विधायक की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए कंपनी प्रबंधन ने तत्काल स्वीकृति प्रदान की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अल्प समय में दोनों स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध करा दिए।
आज वाटर कूलर स्थापना के बाद तहसील कार्यालय और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक आने वाले किसानों एवं ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक सावित्री मनोज मंडावी के प्रति आभार जताया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कहा कि गर्मी के मौसम में शीतल पेयजल की व्यवस्था से आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने विधायक की जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल से आम जनता की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण समस्याओं का भी समय पर समाधान हो रहा है। विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और समस्याओं के निराकरण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाता रहेगा।

