Homeछत्तीसगढ़*मोहला मानपुर----विकास की नई पहल, आरसेटी और सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ,सीखने...

*मोहला मानपुर—-विकास की नई पहल, आरसेटी और सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ,सीखने तक सीमित न रहे प्रशिक्षण, आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार का बने माध्यम : राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा*

मनीष कौशिक

मोहला—- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मानपुर क्षेत्र को जनसुविधा और स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात मिली। राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) और सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ किया। दोनों संस्थानों की शुरुआत से जहां ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, वहीं आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं और आवश्यक प्रमाण पत्र अब अधिक सरल एवं समयबद्ध तरीके से मिल सकेंगे।

*प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने पर जोर*

मानपुर में आरसेटी का शुभारंभ करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संचालित होने वाले ट्रेड की जानकारी ली। आरसेटी के प्रथम बैच में महिलाओं को ‘पशु सखी’ का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी तैयारियों और प्रशिक्षण की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देकर प्रमाण पत्र देना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं को कौशल के साथ आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे यहां सीखी जा रही कला और तकनीक को केवल सीखने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनाएं।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, बैंकिंग सहायता और अन्य संभावित सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

*सेवा सेतु ने घटाई सरकारी दफ्तरों की दौड़*

इसके बाद राज्यसभा सांसद ने अनुविभागीय कार्यालय मानपुर परिसर में सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी लेने के साथ ही लाभान्वित हितग्राहियों से बातचीत कर व्यवस्था का फीडबैक भी लिया।मानपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें महज चार दिनों में प्राप्त हो गया। वहीं आर्यन कुमार और सुलेमान ने बताया कि आवेदन करने के बाद उन्हें छह दिनों में जाति प्रमाण पत्र मिल गया।समय-सीमा में प्रमाण पत्र मिलने से उत्साहित हितग्राहियों ने सेवा सेतु केंद्र की व्यवस्था की सराहना की।

*‘चक्कर नहीं, समय पर समाधान’ की दिशा में पहल*

राज्यसभा सांसद श्रीमती वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सेवा सेतु जैसे केंद्र प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं और सेवाओं का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक बिना परेशानी और देरी के पहुंचे।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसएसपी यशपाल सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद सदस्य रेणु टांडिया, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES