Homeछत्तीसगढ़*नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा,...

*नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा, सांसद महेश कश्यप ने किया ध्वजारोहण*

*नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा, सांसद महेश कश्यप ने किया ध्वजारोहण*

 

*मिनी स्टेडियम में गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस*

 

बीजापुर, 15 अगस्त 2026,

नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में आजादी का महापर्व 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां मुख्य अतिथि बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्र गीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और हर्ष के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

 

*मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन*

 

मुख्य अतिथि श्री महेश कश्यप ने समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी और जिले के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

 

*शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान*

 

समारोह में नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि श्री महेश कश्यप ने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

 

*उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का हुआ सम्मान*

 

जिले में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस जवानों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विभिन्न विभागीय गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। सम्मान समारोह के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन किया गया।

 

*परेड में बस्तर फाइटर महिला प्रथम*

 

समारोह में आयोजित परेड एवं मार्च पास्ट में प्रतिभागी दलों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला ने प्रथम, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल बीजापुर ने द्वितीय तथा डीआरजी जिला पुलिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

वहीं जूनियर असैन्य वर्ग के मार्च पास्ट में एनसीसी ने प्रथम, एनएसएस ने द्वितीय तथा गाइड ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 

*सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रथम*

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर ने प्रथम स्थान, एकलव्य आदर्श विद्यालय बीजापुर ने द्वितीय तथा कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन बीजापुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

मुख्य अतिथि सांसद श्री महेश कश्यप, कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता ने सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर विजेताओं के साथ सामूहिक फोटोग्राफी भी कराई गई।

 

समारोह में क्षेत्रीय विधायक श्री विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी सहित जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, नगरपालिका के पार्षदगण, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, उपनिदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व श्री संदीप बलगा, एडिशनल एसपी श्री अमन कुमार झा, एडिशनल एसपी श्री रविन्द्र मीणा, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, जनसामान्य एवं मीडिया प्रतिनिधि गरिमामय रूप से उपस्थित रहे।

 

नक्सल हिंसा के लंबे दौर से बाहर निकलकर विकास और शांति की नई राह पर अग्रसर बीजापुर में मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर रहा। मिनी स्टेडियम में शान से लहराता तिरंगा शांति, विकास और नए बीजापुर के संकल्प का प्रतीक बना।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES