केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी द्वारा नक्सल प्रभावित पीडिया क्षेत्र में सिविक एक्शन कार्यक्रम और निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

दिनांक 24 जून 2026 को बीजापुर जिले के थाना गंगालूर के अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र पीडिया स्थित ‘बी/199 बटालियन कैंप’ में एक ‘सिविक एक्शन कार्यक्रम’ और ‘निःशुल्क चिकित्सा शिविर’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री टी. विक्रम (IPS), पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी सेक्टर) और श्री आनंद कुमार, कमांडेंट (199 बटालियन) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री जुगल किशोर महापात्रा, सहायक कमांडेंट, श्री त्रिलोचन प्रसाद, सहायक कमांडेंट और श्री राजेश यादव, सहायक कमांडेंट मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना पैदा करना, उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

पीडिया क्षेत्र लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के कारण सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा था। लेकिन जनवरी 2025 में सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी की तैनाती के बाद से यहाँ की सुरक्षा स्थिति में सुधार हुआ है और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ा है। इसी क्रम में आज आयोजित शिविर के दौरान पीडिया पंचायत के आश्रित गांवों—मदुमपारा, पटेलपारा, गायतापारा और इरेनार के ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं जैसे साइकिल, कंबल, सोलर लालटेन, कपड़े, स्टील के बर्तन, रेडियो और खेलकूद की सामग्री बांटी गई। इसके साथ ही, डॉ. प्रितेश कनिक, चिकित्सा अधिकारी 199 वीं वाहिनी द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें मुफ्त दवाइयां दी गईं। कार्यक्रम के बाद सभी उपस्थित ग्रामीणों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान श्री टी. विक्रम (IPS), पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी सेक्टर) ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व और देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तैयार है। प्रशासन और बल मिलकर क्षेत्र में नए कैंप, सड़क, बिजली, पानी और जन सुविधा केंद्र जैसी सुविधाएं पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नक्सलियों के बहकावे में न आएं, अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। इस दौरान गांवों के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना की और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

