सुकड़ीगुहान में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़, ग्रामीणों को मिल रहा शुद्ध पेयजल।सोलर जलप्रदाय योजना, बोरवेल, आईआरपी एवं स्टॉपडेम निर्माण से बढ़ी सुविधा.. आर एल कुलदीप की रिपोर्ट:-
बालोद।
विकासखंड डौंडी अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघोला के आश्रित ग्राम सुकड़ीगुहान में ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन एवं पंचायत द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। लगभग 70 परिवारों एवं 250 की आबादी वाले इस गांव में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जनपद पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में सोलर पैनल आधारित पेयजल प्रणाली संचालित है, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा एक बड़ी सिंटेक्स टंकी तथा एक आईआरपी (आयरन रिमूवल प्लांट) भी क्रियाशील है। पंचायत द्वारा अतिरिक्त व्यवस्था के रूप में दो अन्य बोरवेल में मोटर पंप स्थापित किए गए हैं, जिनसे पानी की उपलब्धता और बेहतर हुई है।
हाल ही में अधिकारियों एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में गांव में पर्याप्त पेयजल स्रोत उपलब्ध पाए गए। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा नलों में नई टोंटियां (टैप) लगाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई, जिससे पानी की बर्बादी को रोका जा सके।
ग्रामीणों की निस्तारी एवं दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा एक नए स्टॉपडेम का निर्माण भी कराया जा रहा है। निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसके पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में जल उपलब्धता और मजबूत होगी।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती कौशिल्या बाई ठाकुर ग्रामीणों के साथ लगातार संपर्क में रहकर पेयजल व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सिंघोला मुख्यालय में एक पानी का टैंकर भी आरक्षित रखा गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुकड़ीगुहान भेजा जा सकता है।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से गांव में पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
✍️ आर. एल. कुलदीप मो. 6267855263 / 9479083919 📧 kuldeeprama80@gmail.com

