मनीष कौशिक
मोहला— NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर देशभर में उठ रहे सवालों के बीच अब मोहला में भी विद्यार्थियों की आवाज़ बुलंद होने जा रही है।पलटन ग्रुप मोहला के नेतृत्व में 21 जुलाई (मंगलवार)को शांतिपूर्ण जनजागरण रैली आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करने की अपील की है।आयोजकों के अनुसार,NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं।के कारण अनेक छात्रों को दोबारा परीक्षा (Re-NEET) का सामना करना पड़ा। इससे विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ा, पढ़ाई प्रभावित हुई और आर्थिक बोझ भी पड़ा। उनका कहना है कि मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।पलटन ग्रुप ने यह भी कहा कि विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में इस पूरे घटनाक्रम के दौरान 21 छात्रों की मौत का उल्लेख किया गया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा की हैं। समूह का कहना है कि ऐसे मामलों की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज़ उठानी चाहिए।आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह रैली किसी धर्म, जाति, समुदाय, राजनीतिक दल या देश के विरोध में नहीं, बल्कि पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और छात्र हित में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य केवल परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही की मांग को मजबूती देना है।
रैली की जानकारी
दिनांक: 21 जुलाई 2026 (मंगलवार)
समय: प्रातः 11:00 बजे
स्थान: बस स्टैंड, मोहला से प्रारंभ
*रैली की प्रमुख मांगें*
* निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था
* मेहनती विद्यार्थियों के साथ न्याय
* परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करना
* छात्रों के भविष्य की सुरक्षा
आयोजकों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से रैली में शामिल होकर शिक्षा सुधार के पक्ष में अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी निभाएं।

