मनीष कौशिक
मोहला —कलेक्टर तनुजा सलाम एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में एनकॉर्ड, जिला सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से संबंधित समितियों की बैठक लेकर विभिन्न विषयों की समीक्षा की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन, नशे के विरुद्ध कार्रवाई, आगामी त्योहारों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा साइबर अपराधों पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर श्री सुमीत गर्ग सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एसडीएम एवं तहसीलदार उपस्थित रहे बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए साइन बोर्ड लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्यवाही करने निर्देश दिया गया।जिला सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान हेलमेट की अनिवार्यता, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) तथा तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित निगरानी रखने तथा नियमों के पालन के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए इसे जनसामान्य की आदत बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएं। एनकॉर्ड की बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं उनके अवैध कारोबार पर नियंत्रण के संबंध में समीक्षा की गई। स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक परिसरों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कोटपा अधिनियम के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें बैठक में साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, संदिग्ध कॉल एवं लिंक से सतर्क रहने तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसीलदार एवं थाना प्रभारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सकता है। संवेदनशील मामलों में समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने, मैदानी स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

