यंग स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब के तीन दिवसीय टूर्नामेंट का भव्य समापन, पेनल्टी शूटआउट में टीम-A बनी विजेता,,,,,,
,,,,,,,, तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,
भोपालपटनम।,,,,,,,,,,,, यंग स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब भोपालपटनम के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य एवं रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला यंग स्पोर्ट्स फुटबॉल क्लब की टीम-A और टीम-B के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में टीम-A ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। मैदान में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे खेलप्रेमियों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मैच के दौरान कई रोमांचक क्षण देखने को मिले और अंततः पेनल्टी शूटआउट ने विजेता का फैसला किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री बसंत राव ताटी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुरुषोत्तम खत्री ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पंचायत पार्षद अरुण वासम, विजार खान, रज्जाक शेख एवं साई चेट्टी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि श्री बसंत राव ताटी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल के माध्यम से आपसी भाईचारा, मित्रता और सामाजिक संबंध भी मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेलप्रेमियों को भी अच्छे एवं रोमांचक खेल का आनंद लेने का मौका मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच हिमेश नाग रहे। वहीं बेस्ट मिडफील्डर मिबव इल्कुची, बेस्ट डिफेंडर टीम-A के शौरभ इंस्टा, बेस्ट स्ट्राइकर बीजापुर के अखिलेश कड़ीयम, बेस्ट गोलकीपर टीम-B के अक्षित दादी, बेस्ट यंग प्लेयर आरुषि आलम तथा टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी यशवंत देहारि को चुना गया।
प्रतियोगिता की विजेता टीम-A को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। यह पुरस्कार बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी की ओर से प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता टीम-B को 11 हजार रुपये एवं ट्रॉफी समिति की ओर से प्रदान की गई। इसके अलावा खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए खेलप्रेमियों की ओर से कई आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
बड़ी संख्या में पहुंचे खेलप्रेमी
तीन दिनों तक चले इस फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले को देखने के लिए भोपालपटनम नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। मैदान में दर्शकों की मौजूदगी और खिलाड़ियों का उत्साह पूरे आयोजन के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन संजय चित्तूर ने किया। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की उम्मीद जगी है।

