* बस्तर के सरगीपाल क्षेत्र में हजारों तेंदूपत्तों के अवैध डंपिंग की उच्च स्तरीय जांच की मांग — आम आदमी पार्टी*
बस्तर जगदलपुर
आम आदमी पार्टी, बस्तर जिला ने सरगीपाल क्षेत्र के फिडीएमए परपा रोड, गांव के विभिन्न मार्गों तथा जंगलों के किनारों पर हजारों की संख्या में तेंदूपत्ता डंप पाए जाने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पार्टी ने कहा कि गांव के मुख्य मार्गों, जंगल क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर इतनी बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता डंप होना अत्यंत गंभीर मामला है। यह सवाल उठता है कि क्या वन विभाग और संबंधित उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई, और यदि जानकारी नहीं थी तो यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री एवं बस्तर प्रभारी समीर खान ने कहा कि बस्तर में तेंदूपत्ता से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पूर्व में भी करोड़ों रुपये मूल्य के तेंदूपत्ते के जलने की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें भारी आर्थिक क्षति हुई थी। वर्तमान घटना भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उदासीनता की चरम स्थिति प्रतीत होती है।
समीर खान ने कहा कि “सरगीपाल क्षेत्र में हजारों तेंदूपत्तों का डंप मिलना अत्यंत चिंताजनक है। क्या वन विभाग के अधिकारी और उच्च प्रशासनिक अधिकारी इससे अनजान थे? यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। जिम्मेदार अधिकारी और प्रशासनिक तंत्र की चुप्पी संदेह पैदा करती है कि कहीं इसमें भ्रष्टाचार या मिलीभगत तो नहीं है। इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।”
आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि वह इस पूरे मामले को लेकर एक तथ्य-संग्रह एवं जांच समिति गठित करेगी, जो स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करेगी। यह प्रतिवेदन जिला प्रशासन, संभागीय मुख्य सचिव तथा राज्य शासन को सौंपा जाएगा। साथ ही संबंधित मंत्री एवं उच्च अधिकारियों को भी लिखित शिकायत भेजी जाएगी।
पार्टी ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर जवाब मांगेगा कि इतनी बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता खुले में क्यों पड़ा मिला और इसकी सुरक्षा एवं प्रबंधन के लिए क्या कदम उठाए गए थे।
आम आदमी पार्टी की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं:
सरगीपाल, फिडीएमए परपा रोड तथा आसपास के जंगल क्षेत्रों में मिले तेंदूपत्तों की तत्काल गणना कर आधिकारिक रिपोर्ट जारी की जाए।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करेगी और बस्तर की जनता के साथ मिलकर जवाबदेही तय कराने की लड़ाई लड़ेगी।
पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक अथवा स्वतंत्र जांच कराई जाए।
जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए।
दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
तेंदूपत्ता संग्रहण, भंडारण और परिवहन व्यवस्था की पारदर्शी समीक्षा की जाए।

