Tuesday, April 28, 2026

UDYAM CG08D0001018

register form
Home बस्तर संभाग बस्तर खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

बस्तर खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

0
40

भारती देवांगन, खंड शिक्षा अधिकारी बस्तर ने शनिवार को बस्तर ब्लॉक के सुदूर क्षेत्र स्थित हायर सेकेंडरी स्कूलों—मांदलापाल, गोंदियापाल, चेराकुर, घोटया एवं रोतमा—के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। वर्तमान में कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा संचालित हो रही है, जिसके सफल एवं व्यवस्थित संचालन हेतु यह निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए केंद्राध्यक्षों एवं संस्था प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा भयमुक्त, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थी बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपनी परीक्षा दे सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया तथा आगामी प्रश्नपत्रों की तैयारी हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी गई।

खंड शिक्षा अधिकारी ने संस्था प्रभारी व केंद्राध्यक्षों को पेयजल, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ शौचालय तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा विद्यार्थियों की परीक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न रहे और सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर पूर्ण की जाएँ।

खंड शिक्षा अधिकारी के साथ उड़न दस्ता टीम से अविनाश सिंह भी मौजूद रहे ।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की गरिमा बनाए रखने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने पर विशेष बल दिया गया।

इस निरीक्षण से सुदूर क्षेत्रों में भी परीक्षा संचालन की गंभीरता एवं प्रशासनिक सजगता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here