Thursday, April 16, 2026

UDYAM CG08D0001018

register form
Home Kanker प्रधानमंत्री द्वारा 15 नवम्बर को 50 एकलव्य विद्यालयों का शिलान्यास, 42 विद्यालयों...

प्रधानमंत्री द्वारा 15 नवम्बर को 50 एकलव्य विद्यालयों का शिलान्यास, 42 विद्यालयों का होगा उद्घाटन।

0
46

प्रधानमंत्री द्वारा 15 नवम्बर को 50 एकलव्य विद्यालयों का शिलान्यास, 42 विद्यालयों का होगा उद्घाटन

 

कांकेर

जिले के दुर्गूकोंदल भंडारडिगी एवं नरहरपुर सुरही में स्थित ईएमआरएस उद्घाटन सूची में शामिल*

 

दुर्गूकोंदल/कांकेर, 14 नवम्बर 2025।

जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में भारत सरकार द्वारा संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) योजना के तहत देशभर में नए विद्यालयों के संचालन में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। देश के माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 15 नवम्बर 2025 (शनिवार) को दोपहर 1:00 वर्चुअल माध्यम से देश के 50 ईएमआरएस विद्यालयों का शिलान्यास तथा 42 ईएमआरएस विद्यालयों का उद्घाटन किया जाएगा। जिला कलेक्टर कार्यालय कांकेर से प्राप्त जानकारी केअनुसार इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के कांकेर जिले के दो विद्यालय भी शामिल हैं।

कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम भंडारडिगी तथा नरहरपुर विकासखंड के ग्राम सुरही स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय इस उद्घाटन कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। कार्यक्रम पूरी तरह वन-वे लाइव प्रसारण के माध्यम से होगा, जिसके लिए संबंधित स्थलों पर आवश्यक तकनीकी एवं व्यवस्थागत तैयारियों के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम के दौरान निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, मंच व्यवस्था, स्वागत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यालय परिसर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप में तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर क्षेत्रीय सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर भी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का सामूहिक उत्सव मनाया जा सके।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय बहुल क्षेत्रों में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खानपान, खेल एवं व्यक्तित्व विकास हेतु आवासीय सुविधा प्रदान करने के लिए स्थापित किए जाते हैं। इन विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, आईटी प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय एवं खेल मैदान की सुव्यवस्थित व्यवस्था रहती है।

दुर्गूकोंदल और नरहरपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में इस उद्घाटन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन विद्यालयों के संचालित होने से क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने का अवसर अपने ही जिले में उपलब्ध होगा, जिससे शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here