विधायक सावित्री मण्डावी ने आमागढ़ में कबड्डी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने शिवलिंग हेतु ₹1 लाख और टीना सेट के लिए ₹5 लाख की घोषणा की
नवरात्रि महाअष्टमी पर दिया युवाओं को खेल और शिक्षा में संतुलन का संदेश
दुर्गूकोंदल,
भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र की जनप्रिय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मण्डावी ने अपने ब्लॉक दुर्गूकोंदल प्रवास के दौरान ग्राम आमागढ़ में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, ग्रामीणजन और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मण्डावी ने सभी को महाअष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “नवरात्रि का यह पर्व शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में कठिनाइयों से जूझते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेल केवल शारीरिक मजबूती ही नहीं देते बल्कि टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करें ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने कार्यक्रम के मंच से दो बड़ी घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने शिवलिंग हेतु ₹1,00,000 तथा ग्रामवासियों को टीना सेट के लिए ₹5,00,000 की राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से ग्रामवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गोपी बढाई, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शोपसिह आचला, भानुप्रतापपुर जनपद अध्यक्ष सुनाराम तेता ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कबड्डी प्रतियोगिता जैसे आयोजनों को ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को मजबूत करने वाला कदम बताया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, जनपद सदस्य सविता उयके, सोमदेव कोरोटी, पुनाउराम पोटाई, रजमन कोवाची, दिनदयाल गन्नू राम सहित कई पदाधिकारी, ग्रामीणजन और महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और जयकारों के बीच हुआ। ग्रामीणों ने विधायक मण्डावी के इस पहल और घोषणाओं को क्षेत्र के विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।






