मनीष कौशिक
मोहला:—विश्व मूल निवासी अधिकार दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय मोहला में एक भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना अध्यक्ष नम्रता सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मिनी स्टेडियम मोहला से हुई, जहाँ से विशाल रैली का आयोजन किया गया। रैली में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर उत्साह के साथ शामिल हुए रैली मिनी स्टेडियम से निकलकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई तहसील कार्यालय परिसर पहुँची, जहाँ राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न अधिकारों, परंपराओं के संरक्षण, शिक्षा, रोजगार और विकास से संबंधित मांगें शामिल थीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नम्रता सिंह ने कहा कि आदिवासी समाज हमारे देश और प्रदेश की गौरवशाली पहचान है, जिसकी संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्य आज भी हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सामूहिक जीवन की शिक्षा देते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास संघर्ष, साहस और स्वाभिमान से भरा हुआ है। हमें अपनी विरासत और पहचान को सहेजते हुए आने वाली पीढ़ियों को भी इसका गौरव बताना चाहिए उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। इस दिशा में जिला पंचायत और आदिवासी विकास परियोजना के माध्यम से सतत प्रयास जारी हैं इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, आदिवासी समाज के वरिष्ठजन, महिला-पुरुष एवं युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरा कार्यक्रम उत्साह, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण बना।


