मनीष कौशिक मोहला
मोहला:— मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के एक व्हाट्सएप ग्रुप में देवी दुर्गा पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने से धार्मिक विवाद उत्पन्न हो गया है। नवरात्र पर्व के दौरान इस पोस्ट से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आज शनिवार की दोपहर एक बजे विप्र समाज और हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और मोहला थाने में नारेबाजी कर प्रदर्शन कर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना खड़गांव थाना क्षेत्र के किसी गांव की बताई जा रही है । जिले में एक व्हाट्सएप ग्रुप में देवी दुर्गा को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी नरेंद्र मंडावी नाम के युवक ने कियाहै। यह टिप्पणी नवरात्र के दौरान की गई, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने जानबूझकर अशोभनीय बातें व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर की, जिससे समाज में धार्मिक विद्वेष फैलने की आशंका है। इस पोस्ट से न केवल दुर्गा माता के भक्तों की भावनाएं आहत हुईं, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के लिए भी खतरा है। मोहला थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा से आज शनिवार की रात 8 बजे मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

