मनीष कौशिक मोहला
मोहला:—शासकीय बालक प्राथमिक शाला मोहला में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह अवसर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए जहां विद्यालय जीवन के प्रथम कदम का था, वहीं क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में एक प्रेरक पहल के रूप में भी देखा गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा जिलाध्यक्ष नम्रता सिंह बतौर मुख्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहीं कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ।
नवप्रवेशी बच्चों का आत्मीय स्वागत एवं सामग्री वितरण
कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्रों का पारंपरिक स्वागत किया गया, उन्हें तिलक लगाकर मिठाई खिलाई गई। श्रीमति नम्रता सिंह जी ने विद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी बच्चों को शाला गणवेश, किताबें व लेखन सामग्री वितरित की। बच्चों की मासूम मुस्कान और उल्लासपूर्ण चेहरों ने पूरे वातावरण को आनंदित कर दिया।
बच्चों को किया प्रोत्साहित, प्रतिभाओं को किया सम्मानित
अपने उद्बोधन में नम्रता सिंह ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि “आज के बच्चे ही आने वाले कल के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, नेता और देश के कर्णधार हैं।” उन्होंने शिक्षकों को यह संदेश दिया कि वे बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सकारात्मक वातावरण प्रदान करें।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पाँचवी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बच्चों के आत्मविश्वास को और दृढ़ करता है।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग की सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष देवप्रसाद नेताम, राजीव तिवारी, आदिल खान, योगेंद्र सिगने, नंद कुमार अमरिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग की समस्त टीम उपस्थित रही। सभी ने अपने वक्तव्यों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता और समाज के हर वर्ग को शैक्षणिक विकास से जोड़ने की बात कही।
विद्यालय की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी बने आकर्षण का केंद्र
विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया। बच्चों ने गीत, कविता और स्वागत नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नम्रता सिंह ने दिया संदेश
जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा – “शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन को दिशा देती है। हमें गर्व है कि हम शिक्षा के इस महायज्ञ में सहभागी बन पा रहे हैं। आज के इस प्रवेशोत्सव से ये नन्हें बच्चे अपने उज्जवल भविष्य की ओर पहला कदम बढ़ा रहे हैं। हम सबका कर्तव्य है कि हम मिलकर उन्हें एक सकारात्मक और समर्थ वातावरण प्रदान करें।”

