HomeUncategorizedमहासमुंद में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन मामलो मे...

महासमुंद में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन मामलो मे 56 किलो से अधिक गांजा जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार..

राहुल भोई महासमुंद..

तीन अलग-अलग कार्रवाई में 30.47 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त, ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा

महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स, सिंघोड़ा और कोमाखान थाना पुलिस की टीमों ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 58.110 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इन मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों में तस्करों द्वारा गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में खपाने की योजना बनाई गई थी। कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा कार, मोटरसाइकिल, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत करीब 33 लाख 71 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

रेहटीखोल बॉर्डर पर कार से 35 किलो गांजा बरामद

पहली बड़ी कार्रवाई थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हुंडई कार क्रमांक CG13 UB 7951 में दो व्यक्ति गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।

सूचना के बाद पुलिस ने एनएच-53 पर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध हुंडई कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में एक बोरी से 35 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 17 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से कार सवार विनोद कुमार सिंह (31), निवासी माधवपुर, थाना फतेहगढ़, जिला नयागढ़, ओडिशा और गयाधर दडेई (41), निवासी पत्थरचकड़ा, थाना फतेहगढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 35 किलो गांजा, दो मोबाइल और हुंडई कार समेत कुल 20 लाख 55 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाकर खपाने की योजना की बात पुलिस को बताई।

टेमरी नाका पर तीन परिवहनकर्ता गिरफ्तार, 24 घंटे में गांजा मंगाने वाला भी पकड़ा गया

दूसरी कार्रवाई थाना कोमाखान क्षेत्र के एनएच-353 स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट टेमरी नाका पर हुई। 1 सितंबर को वाहन जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और स्कूटी से तीन संदिग्ध गांजा लेकर आ रहे हैं।

नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 3.200 किलो और बजाज पल्सर की डिक्की से 3.090 किलो, कुल 6.290 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 3 लाख 14 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से तोषन साहू (29), नरेश ठाकुर (25) और पुरुषोत्तम निषाद (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा खरियार रोड-सहीपाला, ओडिशा से भोरिंग और करहीडीह, महासमुंद ले जाने की बात बताई।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी डाटा एनालिसिस की मदद से गांजा मंगाने वाले आरोपी तक भी पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने दबिश देकर देवकुमार साहू (50), निवासी भोरिंग, थाना तुमगांव, महासमुंद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में गांजा, मोटरसाइकिल, स्कूटी और तीन मोबाइल समेत कुल 4 लाख 54 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

बस का इंतजार कर रहे महिला और विधि से संघर्षरत बालक के पास मिला 16.820 किलो गांजा

तीसरी कार्रवाई भी थाना कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 के सुवरमाल चौक के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और एक पुरुष बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। तलाशी लेने पर बैग से 16.820 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान 20 वर्षीय कामिनी खाण्डे, निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मिला। पूछताछ में ओडिशा के एम. रामपुर से गांजा लेकर पथरिया, जिला मुंगेली में खपाने की योजना सामने आई।

महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B), 29 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में 16.820 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन, कुल 8 लाख 61 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैले नेटवर्क पर पुलिस की नजर

महासमुंद पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों से यह सामने आया है कि गांजा तस्कर ओडिशा से मादक पदार्थ लाकर छत्तीसगढ़ के महासमुंद, रायपुर, मुंगेली समेत अन्य क्षेत्रों में खपाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने परिवहन करने वाले आरोपियों के साथ-साथ गांजा मंगाने वाले व्यक्ति तक पहुंचकर इंड-टू-इंड और तकनीकी जांच के जरिए नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की है।

पुलिस का कहना है कि जिले के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट और प्रमुख मार्गों पर लगातार सघन वाहन जांच की जा रही है और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि पुलिस ने केवल गांजा परिवहन करने वालों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर गांजा मंगाने वाले आरोपी को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा लाकर खपाने वाले पूरे नेटवर्क पर पुलिस की नजर है। तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर लगातार चेकिंग के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों और आर्थिक लेनदेन की भी जांच की जा रही है। नशे के कारोबार के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES