HomeUncategorizedमहासमुंद में कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट परीक्षा मामले में शिक्षा मंत्री के...

महासमुंद में कांग्रेस का प्रदर्शन, नीट परीक्षा मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग 

राहुल भोई महासमुंद..

महासमुंद। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, परीक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शहर कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा मंगलवार को नेहरू चौक में विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का भरोसा प्रभावित हुआ है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी मांग की कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर एवं आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लिया जाए। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार है और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं और सांसदों के खिलाफ की गई कार्रवाई अलोकतांत्रिक और दमनकारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तीन सूत्रीय मांगों पर यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और केंद्र सरकार से छात्रों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES