*भीम आर्मी भारत एकता मिशन बीजापुर की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न, सामाजिक न्याय एवं संगठन विस्तार पर बनी रणनीति*दीपक मरकाम की खबर,,,
दिनांक: 27 जून 2026
बीजापुर :::: भीम आर्मी भारत एकता मिशन जिला इकाई बीजापुर के तत्वावधान में शनिवार को एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, शिक्षा के प्रसार तथा समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों की स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को ग्राम स्तर तक मजबूत बनाने एवं आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रमोद सोरी ने की। इस अवसर पर दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष गजेंद्र ताती विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बस्तर संभाग में वैचारिक एकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए आपसी समन्वय के साथ सामाजिक परिवर्तन के अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष सुरेश गटपल्ली, जिला सचिव माड़वी गंगा, संगठन मंत्री शंकरैया पिरला, कोषाध्यक्ष मलया नायक, जिला मीडिया प्रभारी गुलशन भंडारी, आईटी सेल अध्यक्ष रमेश फरस्के, फिलिप सोढ़ी, सुकनाथ पोट्टम, कमलेश पोट्टम सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रमोद सोरी ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर एवं मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन ग्रामीण स्तर तक विस्तार करते हुए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
वहीं दंतेवाड़ा जिला अध्यक्ष गजेंद्र ताती ने बीजापुर जिला इकाई की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि पड़ोसी जिलों के आपसी सहयोग और समन्वय से सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन को नई दिशा मिलेगी।
जिला मीडिया प्रभारी गुलशन भंडारी एवं आईटी सेल अध्यक्ष रमेश फरस्के ने कहा कि संगठन की जमीनी गतिविधियों, सामाजिक मुद्दों और शोषित-वंचित समाज की आवाज को सोशल मीडिया तथा समाचार माध्यमों के जरिए प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक एकता तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

