*बस्तर प्रवेश द्वार केशकाल में पूर्व CM भूपेश बघेल का भव्य स्वागत, संत राम नेताम ने किया अगुवाई*
राजमन नाग
*केशकाल, जिला- कोंडागांव।* बस्तर के प्रवेश द्वार और माई तेलीन सती की पावन धरा के नाम से विख्यात केशकाल में राजनीतिक हलचल तेज रही। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता माननीय श्री भूपेश बघेल जी के केशकाल आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पूर्व विधायक श्री संत राम नेताम जी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बस्तर प्रवेश द्वार के पास उनका भव्य स्वागत किया। जैसे ही पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला केशकाल पहुँचा, फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और “भूपेश बघेल जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संत राम नेताम ने कहा कि भूपेश बघेल जी ने अपने कार्यकाल में बस्तर के आदिवासी, किसान और गरीब वर्ग के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उनका केशकाल की इस पावन धरा पर आना हम सभी के लिए गर्व की बात है। माई तेलीन सती के आशीर्वाद से बस्तर में कांग्रेस और मजबूत होगी।
स्वागत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से संक्षिप्त चर्चा की और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बस्तर के विकास कार्य ठप पड़ गए हैं, जिसे लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
इस स्वागत कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, नगर पंचायत के पार्षदगण, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे। अंत में सभी ने माई तेलीन सती मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

